रामनगर (नैनीताल)। किसी उचक्के ने कार के डैसबोर्ड से महिला का पर्स उड़ा लिया। एसएसआई राहुल राठी ने बताया कि ग्राम पूछड़ी निवासी पदमा देवी अपने पति सुनील कुमार, बेटे के साथ रविवार शाम खरीदारी करने बाजार आई थी। शहर से घर लौटते समय उनकी कार 18सीए1676 मोहल्ला भवानीगंज के पास लगे जाम में फंस गई। तभी किसी उचक्के ने उनकी गाड़ी के डैसबोर्ड पर रखा पर्स चुरा लिया। पर्स में पांच हजार रुपये और सोने के दो कुंडल रखे थे। उन्होंने कुछ दूरी तक उचक्के का पीछा किया पलक झपकते ही वह उनकी आंखों से ओझल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक की। दावा किया कि शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इससे पहले भी शहर में टप्पेबाजी, छीना झपटी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे चिंतित लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ा ऐसी घटनाएं रोकने, चोरी सामान बरामद करवाने की मांग की है।