गरुड़ (बागेश्वर)। थाना क्षेत्र बैजनाथ के कुलाऊं के जंगल में पुलिस ने एक युवक का शव संदिग्धावस्था में बरामद किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है। थाना बैजनाथ पुलिस के अनुसार गिरीश राम (35) पुत्र जोगा राम निवासी सालमगढ़ का शव ग्रामीणों ने मंगलवार को कुलाऊं के जंगल में संदिग्धावस्था में देखा। जंगल में शव देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने थाना बैजनाथ पुलिस को दी। पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया। हरीनगरी के ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार मृतक के मुंह से कीटनाशक दवा की गंध आ रही थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है। सालमगढ़ के ग्रामीणों के अनुसार मृतक मंगलवार सुबह गांव से अपने ससुराल हरीनगरी जाने को निकला था। वह गांव में मजदूरी करता था। थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच करेगी।