रामनगर (नैनीताल)। बाजपुर के ग्राम बैंतखेड़ी में मादा तेंदुए को मारने पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग बैलपड़ाव रेंज के रेंजर संतोष पंत ने बताया कि शुक्रवार सुबह बैंतखेड़ी में मादा तेंदुए के घायल होने की सूचना मिली थी। वनकर्मी घायल तेंदुए को उपचार के लिए रामनगर ला रहे थे तो तेंदुए ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। जब शव का पोस्टमार्टम किया गया था तो उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए थे। उसका जबड़ा भी टूटा था। मामले की छानबीन की गई तो पता चला कि ग्रामीण पर हमला करने से आक्रोशित अज्ञात लोगों ने इस मादा तेंदुए को लाठी, डंडों से मार कर घायल किया था। इसलिए अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अपराध में एच-2 केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। सबूत जुटाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।