किशोरी से दुराचार का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
लालकुआं/हल्दूचौड़ (नैनीताल)। किशोरी को बहला-फुसलाकर दुराचार करने के आरोपी एनजीओ संचालक को पुलिस जयपुर से गिरफ्तार कर लाई है। शनिवार को एनजीओ संचालक को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
तहसील राजगढ़, जिला चुरू राजस्थान के ग्राम नवा निवासी सोमवीर सिंह पूनिया वर्ष 2016 से लामाचौड़ क्षेत्र में रूरल कनेक्शन फाउंडेशन (आरसीएफ) नाम से एनजीओ चला रहा था। उसने एनजीओ में कार्य करने वाली बेरीपड़ाव के हिम्मतपुर चौम्वाल क्षेत्र की किशोरी से शादी का झांसा देकर कई बार दुराचार किया। कुछ दिनों बाद एनजीओ संचालक लापता हो गया।
इधर 26 मार्च 2018 को एनजीओ संचालक ने युवती के नाम से नैनीताल उच्च न्यायालय में सुरक्षा के लिए याचिका दायर की। इसमें युवती को उसकी मां एवं परिवार से जान का खतरा बताया गया। सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने एएसपी नैनीताल, कोतवाल लालकुआं और युवती की मां को तलब किया।
जैसे ही तीनों के बयान लिए गए तो न्यायालय ने एनजीओ संचालक सोमवीर के मुकदमे की पैरवी करने वाले एडवोकेट सुरेंद्र मील, गाड़ी चालक अमनदीप को जेल भेज दिया। उधर, एनजीओ संचालक मौका पाकर फरार हो गया। तब से पुलिस एनजीओ संचालक सोमवीर पूनिया की तलाश में भटक रही थी। शुक्रवार को कोतवाल रवि कुमार सैनी, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी विमल मिश्रा समेत पुलिस टीम ने जयपुर पहुंच कर सोमवीर सिंह पूनिया को दबोच लिया। पुलिस ने छह अप्रैल 2018 को मुकदमे में धारा 363, 376, पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी भी की है।
एनजीओ की आड़ में अन्य किशोरियों को भी गुमराह करने का आरोप