खटीमा। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात नगर की दो बड़ी चोरियों में लिप्त तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बदमाश हिस्ट्रीशीटर अकील भी शामिल है। अकील खटीमा, नानकमत्ता, सितारगंज सहित यूपी के पीलीभीत के कई थानाक्षेत्र में चोरियों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से चोरी का शत प्रतिशत सामान और नकदी बरामद कर ली है।
शनिवार को एएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि कोतवाली पुलिस को शुक्रवार देर रात मुखबिर से संदिग्ध अकील और उसके दो अन्य साथियों के देखे जाने की सूचना मिली। हरकत में आई पुलिस ने एक बाइक पर सवार अकील निवासी इस्लामनगर खटीमा, दीपक उर्फ जगदीश निवासी कस्बा शेरगढ़, मोहल्ला शिव मंदिर बरेली तथा इकरार निवासी वार्ड आठ निकट नूरी मस्जिद खटीमा को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी सहित नकदी बरामद की।
एएसपी ने बताया कि शारदा विहार निवासी पूर्व सैनिक भूपाल सिंह और वार्ड सात निवासी एआर सिंह के यहां हुई चोरियों का शत प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। टीम में कोतवाल कुुंवर सिंह रावत, एसएसआई जगदीश ढकरियाल, विनोद फर्त्याल, जितेंद्र कुमार, मो. नासिर, कुंदन सिंह, राजेंद्र प्रसाद, महेंद्र सिंह ढगवाल, सुबोध शर्मा आदि थे। इधर, खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने 2500 और एएसपी देवेंद्र पींचा ने 1500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।