हल्द्वानी/लालकुआं (नैनीताल)। गौला रेंज के वन बीट अधिकारी के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने बिंदुखत्ता निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गौला रेंज के वन बीट अधिकारी धन सिंह अधिकारी ने कोतवाली में दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 332, 353, 506 के तहत दोपहर को बिंदुखत्ता क्षेत्र में छापेमारी कर कालिका मंदिर निवासी दिलीप सिंह मेहरा को गिरफ्तार कर लिया। इधर, मामले को लेकर वन विभाग के वन बीट अधिकारी संघ और सहायक वन कर्मचारी संघ के नेतृत्व में तमाम वन विभाग के कर्मचारियों ने तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ नीतीश मणि त्रिपाठी से मुलाकात की। उन्होंने बिंदुखत्ता क्षेत्र में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के ड्यूटी करने में असमर्थता जताई। डीएफओ ने वन कर्मियों को आश्वासन दिया कि वन कर्मियों की सुरक्षा के लिए विभाग तत्पर है। शिष्टमंडल में कैलाश कपिल, दीवान सिंह रौतेला, धन सिंह अधिकारी, राकेश पंत, ललित हर्बोला आदि थे।