लालकुआं (नैनीताल)। एक ट्रक ड्राइवर के खिलाफ किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ है। मुजफ्फरनगर यूपी निवासी ट्रक चालक काला यहां वीआईपी गेट के पास आता रहता था। वह एक अप्रैल को शादी का झांसा देकर स्थानीय किशोरी को भगा ले गया। किशोरी की मां ने कोतवाली में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर किशोरी को गदरपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया। किशोरी को मजिस्ट्रेटी बयान, चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी का कहना है कि वीआईपी गेट के पास ढाबा चलाने वाली महिला की भूमिका की भी जांच की जाएगी, क्योंकि उसकी दुकान में अक्सर ड्राइवरों का जमावड़ा लगा रहता है। किशोरी के बयान के आधार पर ट्रक चालक काला के खिलाफ किशोरी के अपहरण, पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।