नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र निवासी महिला ने एक युवक पर नशे की हालत में घर में घुस कर डेढ़ लाख रुपये मांगने और मोबाइल लेकर भाग जाने का आरोप लगाया है। महिला ने बीडी पांडे अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद तल्लीताल थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
इंदिरा कॉटेज तल्लीताल निवासी कविता गंगोला ने शनिवार को बीडी पांडेय जिला अस्पताल में पत्रकारों को दिए बयान में आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक युवक उनके घर में घुस आया। युवक ने उनके साथ मारपीट कर कुर्सी फेंक दी। इससे वह घायल हो गईं। उन्होंने विरोध किया तो युवक उनका मोबाइल लेकर भाग गया। सुबह को उनका मोबाइल तो मिल गया, लेकिन उसमें से सिम गायब था। कविता ने शनिवार को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। उन्होंने इस बात की जानकारी फोन पर पुलिस के आलाधिकारियों को भी दी है। दोपहर बाद महिला तल्लीताल थाने तहरीर देने पहुंची। महिला ने बताया कि एसओ प्रमोद पाठक के सीएम के कार्यक्रम में रामनगर होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। एसओ ने उन्हें रविवार सुबह साढ़े दस बजे थाने बुलाया है। महिला ने बताया कि उन्हें आरोपी युवक से जान-माल का खतरा है। आरोपी उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। महिला ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है।