रामनगर (नैनीताल)। उद्यान विभाग के अधिकारी ने एक बगीचे में लीची और आम के पेड़ों को अवैध रूप से काटने पर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है।
प्रभारी उद्यान सचल दल केंद्र एएस परवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एसडीएम ने उन्हें अवगत कराया कि नया गांव तेलीपुरा में फलदार वृक्ष पुन: काटे जा रहे हैं। इस पर वह माली करन सिंह के साथ मौके का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पर भू-स्वामी लीची वृक्ष को काटकर जड़ खुदान कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को संबंधित भू स्वामियों को अन्य किसी वृक्ष को क्षति ना पहुंचाने को लेकर नोटिस भी जारी किया गया था। मंगलवार को निरीक्षण के समय पाया गया कि सोमवार की रात्रि में सहखातेदारी द्वारा 50 लीची व आम के वृक्ष काटकर नष्ट कर दिए गए हैं। इससे प्रतीत होता है कि भू स्वामियों द्वारा सम्पूर्ण बाग नष्ट करने की नियत से कार्य किया जा रहा है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। मामले में एसएसआई राहुल राठी ने बताया कि मामले की जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।