नैनीताल। युवतियों की वीडियो बनाने को लेकर बुधवार देर रात मधुवन होटल में हंगामा हो गया। युवतियों ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वेटर को पीट दिया। सुबह को प्रकरण मल्लीताल चौकी से कोतवाली तक पहुंचा। कोतवाली में भी घंटों तक विवाद होने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
सूरज सिंह राणा मधुवन होटल में वेटर है। काशीपुर की दो युवतियां अपने दो साथियों के साथ होटल में पहुंचीं। इन युवतियों ने इस होटल में चार बेड वाला कमरा बुक कराया। बुधवार रात यह युवक और युवतियां तेज संगीत पर डांस कर रहे थे। पड़ोसियों की शिकायत पर वेटर कमरे में पहुंचा। वेटर का आरोप है कि युवक और युवतियां किसी बात पर खिन्न थे। जैसे ही वह कमरे के अंदर पहुंचा चारों ने उस पर हमला कर दिया। उसे खूब मारा, पीटा। वह किसी तरह वहां से बच कर भागा। इसके बाद चारों पर्यटकों ने होटल में खूब हंगामा किया। पर्यटकों का हंगामा बृहस्पतिवार सुबह तक जारी रहा। जब होटल प्रबंधन प्रकरण नहीं सुलझा सका तो दोनों पक्ष चौकी पहुंच गए। चौकी पर भीड़ जुटने लगी तो सभी को गाड़ी से मल्लीताल कोतवाली भेज दिया गया। कोतवाली में दोनों पक्षों में घंटों तक विवाद होता रहा। वेटर ने युवक और युवतियों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी, जबकि युवतियों ने वेटर पर वीडियो बनाने का आरोप लगाया। थाने पहुंचे होटल प्रबंधक धर्म सिंह ने बताया कि उन्हें प्रकरण की पूरी जानकारी नहीं है। इसलिए उन्होंने समझौता करा दिया।