बाजपुर में हरप्रीत सिंह की मौत के मामले में फैक्ट्री जीएम सहित दो लोगों पर शक के दायरे में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
11 जनवरी की शाम करीब आठ बजे गांव खंबारी हरप्रीत सिंह (23) पुत्र सुखविंदर सिंह गांव विक्रमपुर स्थित बीए अलोइस प्राइवेट लिमिटेड (सरिया फैक्ट्री) में ड्यूटी पर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों के पूछताछ करने पर फैक्ट्री प्रबंध तंत्र ने हरप्रीत सिंह के घर चले जाने की बात कही। सीसीटीवी के फुटेज में हरप्रीत सिंह की फैक्ट्री के अंदर आते समय एंट्री है, लेकिन वापस लौटने की नहीं है। 13 जनवरी को सुबह हरप्रीत सिंह का शव फैक्ट्री के हौज में पड़ा मिला। मृतक के चाचा विजय सिंह ने फैक्ट्री के जीएम उमेश त्यागी और आपरेटर नाजिर पर हत्या करने का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी थी। मुकदमा दर्ज नही होने से मंगलवार को सिख समाज के लोगों ने कोतवाली धरना दिया था। कोतवाल वीडी उनियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जीएम उमेश त्यागी ओर आपरेटर नाजिर के खिलाफ शक के दायरे में धारा 302 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।