सितारगंज में साधूनगर कैलाश नदी में अवैध खनन जारी है। मंगलवार को अवैध खनन कर उपखनिज ला रही दो ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी गईं। मंगलवार को सिडकुल चौकी प्रभारी विनोद जोशी ने पुलिस कर्मियों के साथ नकुलिया गांव में चेकिंग की। चौकी प्रभारी ने संतफार्म से होते हुए आ रही दो ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ा। चालकों से ट्राली में भरे आरबीएम की रायल्टी दिखाने को कहा तो वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। इस पर चौकी प्रभारी दोनों ट्रैक्टर ट्रालियों को सिडकुल चौकी ले आए और पुलिस अधिनियम और खनन अधिनियम के तहत उन्हें जब्त कर दिया। चौकी प्रभारी जोशी ने बताया कि अवैध खनन की रिपोर्ट एसडीएम विनोद कुमार को भेजी गई है। कहा कि नदी में अवैध खनन किसी हाल में नहीं होने दिया जाएगा। चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।