चोरगलिया (नैनीताल)। कुंवरपुर तल्ला चौराहे के पास सोमवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई। चोरगलिया पुलिस मौके का मुआयना कर घटना की जांच कर रही है।
कुंवरपुर तल्ला चौराहे पर सोमवार रात करीब दस बजे बाइक सवार युवक का शव मिला। लोगों ने घटना की जानकारी चोरगलिया पुलिस को दी। युवक के आधार कार्ड से पता चला कि बाइक सवार उपदेश सिंह (20) पुत्र रमेश सिंह मूलरूप से यूपी के बलिया दूबे छपरा केहरपुर का निवासी था। लेकिन अस्थायी रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के सिसौना सितारगंज में रहता था। उसके पास से सितारगंज और खटीमा के विजिटिंग कार्ड मिले हैं। कागजात देखने से पता चला है कि वह हल्द्वानी किसी परीक्षा के साक्षात्कार में शामिल होने गया था। थानाध्यक्ष संजय जोशी ने मौके का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि उपदेश अपने पिता के साथ सिसौना में रहता था। पिता सिडकुल में कार्यरत है लेकिन बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। रात होने के कारण स्पष्ट नहीं हुआ कि किस वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारी है। इस मामले में मंगलवार को पुलिस छानबीन करेगी।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
युवक कर रहा था प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी