केलाखेड़ा में पुलिस ने 11 दिन पहले सड़क हादसे केे दौरान कार में आग लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि पांच जनवरी को हाइवे पर गणेशपुर की पुलिया के पास बाइक सवार गांव धीमरखेड़ा निवासी साबिर (30) को एक कार ने पीछे से रौंद दिया था। हादसे में साबिर की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया था, जबकि घटना से गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी थी। थाना प्रभारी वीरेंद्र रमोला ने बताया कि आग लगाने के मामले में पुलिस की ओर से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 435 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच पड़ताल में तीन लोगों को चिन्हित किया गया। मंगलवार को चिन्हित आरोपी मोहब्बेे अली निवासी धीमरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।