बाजपुर में डंपर चोरी मामले में लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर की खोजबीन में जुटी है। गांव बेरियादौलत निवासी रोशन लाल सरना का डंपर (यूके18/सीए/1700) को उसका चालक सुरेश कुमार निवासी गांव भौना कालोनी बृहस्पतिवार देर शाम साढ़े आठ बजे दोराहा बाजपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ा करके गया था। शुक्रवार सुबह जब वह डंपर लेने गया तो डंपर गायब मिला। सरना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंप के सीसीटीवी की पड़ताल शुरू की। इन्हीं सुराग के आधार पर पुलिस की एक टीम दिल्ली में डटी है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली से डंपर की लोकेशन अब राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र में मिली है। इस पर पुलिस की एक टीम राजस्थान के बीकानेर डंपर की तलाश कर रही है। हालांकि पुलिस अफसर अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। सीओ महेश चंद बिंजौला ने बताया कि फुटेजों के आधार पर पुलिस टीम डंपर की खोजबीन कर रही है।