हल्द्वानी। गौजाजाली बिचली स्थित खाली प्लॉट में खड़ी आई-10 कार के चारों टायर चोरों ने चुरा लिए। पिथौरागढ़ जिले के देवलथल के मूल निवासी त्रिभुवन सामंत पुत्र मनोहर सिंह सामंत मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। वह गौजाजाली बिचली में एक किराए के फ्लैट में सपरिवार रहते हैं। चार दिन पहले त्रिभुवन ने अपनी आई-10 कार एक खाली प्लॉट में खड़ी कर दिया था। चोरों ने शुक्रवार की रात कार के चारों टायरों को खोलकर चुरा लिया। सुबह कार मालिक ने घटना की जानकारी मंडी चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि इस मामले में कबाड़ी व्यवसायियों से पूछताछ की गई है। चोरों ने 13 मार्च की रात रामपुर रोड पर समता आश्रम गली नंबर नौ के सामने खड़ी व्यवसायी पंकज सक्सेना की स्विफ्ट कार से तीन टायर चुराए थे। दस दिन बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इन घटनाओं में नशेड़ियों का हाथ होने की भी आशंका है।