हल्द्वानी। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजपुरा के लोगों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रनेताओं ने बोलेरो गाड़ी से टक्कर मारकर तीन युवकों को घायल कर दिया। घायलों में दो की हालत गंभीर है। इस मामले में कोतवाल ने सीसीटीवी से जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस नेता हेमंत कुमार साहू के नेतृत्व में लोग रविवार को कोतवाली थाने में पुुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। कोतवाल के आर पांडे के समक्ष घायल टनकपुर रोड जवाहरनगर निवासी सौरभ शर्मा ने बताया कि एक मार्च की रात दस बजे वह अपने मित्र विपिन गुप्ता के घर पर बैठा था। इसी समय एमबीपीजी कालेज के सामने झगड़े की कॉल आई। सूचना मिलने पर वह पहुंचा तो उसके करीबी मनीष तिवारी के साथ भीम बिष्ट, मनींदर उर्फ गुल्लू, जगदीश बिष्ट के साथ विवाद हो रहा था। कुछ देर में मारपीट और पथराव होने लगा। इस बीच वह विपिन गुप्ता और संजय कुमार के साथ बाइक से भागने लगा। आरोप लगाया कि बोलेरो में बैठे जगदीश बिष्ट सहित तीन लोगों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी बाइक से तीनों साथी गिरकर घायल हो गए। विपिन के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। सोनू के सिर में गंभीर चोट लगी है। दोनों का भोटिया पड़ाव अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोतवाल ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज देखकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आश्वासन देने के बाद महिलाएं पुलिस से भिड़ने लगी। पुलिस ने उनको भीड़ को समझा बुझाकर हटाया।
टैक्सी यूनियन कार्यालय सील, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट पर हमले के मुख्य आरोपी मोनू पंडित को पुलिस ने डिग्री कालेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मनीष तिवारी उर्फ मोनू पंडित पीडब्ल्यूडी कालोनी तिकोनिया का रहने वाला है। पूछताछ से पता चला कि मोनू की दो टैक्सी चलती है। इसी कारण वह यूनियन से जुड़ा है। इधर, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल और कोतवाल के आर पांडे के साथ भोटिया पड़ाव पहुंचकर टैक्सी यूनियन के कार्यालय को सील कराया। कार्यालय के ऊपर हिस्ट्रीशीटर के टंगे गणतंत्र दिवस शुभकामना को बोर्ड हटवाया। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि यदि किसी को कुछ कहना है तो कार्यालय में संपर्क कर सकता है। कार्यालय से पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।