हल्द्वानी। बागेश्वर के उप प्रभागीय वनाधिकारी बलवंत सिंह शाही ने गाड़ी हटाने के विवाद में दंपति पर पीटने का आरोप लगाया है। दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बलवंत सिंह शाही रेवा इंक्लेव लालडांठ काठगोदाम बाइपास रोड चूनाभट्टी में रहते हैं। उन्होंने मुखानी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो दिसंबर की सुबह वह निजी काम से कौशल्या विहार हिम्मतपुर मल्ला ऊंचापुल गए थे। संकरे मोटर मार्ग में पानी का टैंकर गली में खड़ा था। इसी कारण उन्होंने अपनी कार 50 मीटर पहले ही रोक ली। जब वह लौटे तो वहां एक और कार खड़ी थी। कार के स्वामी पूरन चंद्र जोशी ने वाहन हटाने के लिए कहा लेकिन टैंकर खड़ा होने के कारण वह अपनी गाड़ी नहीं हटा सके। बलवंत का आरोप है कि पूरन चंद्र जोशी और उनकी पत्नी ने गाली गलौज करने के बाद उनकी पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए वह पड़ोस के घर में घुस गए। थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि पुलिस ने धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।