रामनगर (नैनीताल)। यहां हुए सड़क हादसों में पूर्व रेंजर समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई। सड़क किनारे पैदल घूम रहे पूर्व रेंजर बाइक की चपेट में आ गए जबकि युवक डंपर से कुचल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कठियापुल के पास जाम लगा दिया। वह घटना के बाद फरार डंपर को पकड़ने, डंपरों की आवाजाही रोकने की मांग कर रहे थे।
पीरूमदारा क्षेत्र के ग्राम कठियापुल निवासी मो. दानिश (20) पुत्र तौफीक बुधवार शाम पीरूमदारा से अपने घर बाइक से आ रहा था, कि तभी वह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन 108 की सहायता से उसे तुरंत काशीपुर ले गए। जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मृत्यु हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे तक लंबा जाम लगा दिया। इस कारण वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। वह घटना का कारण बने वाहन, चालक को पकड़ने, डंपरों की आवाजाही रोकने की मांग कर रहे थे। पीरूमदारा पुलिस चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। फिलहाल किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। वहीं ग्राम गैबुुआ निवासी सेवानिवृत्त रेंजर गजेंद्र सिंह मेहरा (62) पुत्र मोहन सिंह मेहरा बृहस्पतिवार को गांव के पास ही पैदल सड़क किनारे घूम रहे थे कि तभी वह बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें तुरंत 108 की मदद से संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके दो बेटे, दो बेटियां हैं। बैलपड़ाव पुलिस ने घटना का कारण बनी बाइक जब्त कर ली। इसे मोहल्ला गूलरघट्टी निवासी मो. सनव्वर चला रहा था। घटना के समय वह बाइक पर सवार होकर रामनगर से हल्द्वानी को जा रहा था। पुलिस ने सनव्वर का मेडिकल करा उसका आईपीसी की धारा 185, 202 एमवी एक्ट के तहत चालान कर दिया।