दूसरे की जमीन को अपना बताकर 53 लाख हड़पे
रामनगर (नैनीताल)। एक युवक ने सूदखोर को किसी दूसरे की जमीन दिखाकर उससे 53 लाख रुपये का ब्याज ले लिया। मामले का पता लगने पर सूदखोर ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच कर आरोपी पर 420 का मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। मंगलार रोड निवासी पंकज पांडे ने पुलिस को तहरीर सौंप बताया कि गिरीश बौड़ाई ने हिम्मतपुर डोटियाल में तीन प्लॉट दिखाकर उससे ब्याज में 53 लाख रुपये ले लिए। चार माह बीतने पर भी जब उसने ब्याज राशि नहीं लौटाई तो पंकज ने प्लॉट देने को कहा। जांच करने पर पता चला कि गिरीश द्वारा दिखाए गए प्लॉट उसके न होकर किसी और के थे। सूदखोर पंकज ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी गिरीश बौड़ाई पर 420 का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अन्य मामले भी सामने आ रहे हैं।