रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने मंगलवार रात हुए सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
ग्राम कानिया निवासी संविदा वनकर्मी यशवंत सिंह रावत मंगलवार रात बाइक से शादी समारोह में जाने को सड़क किनारे खड़े थे। उसकी पत्नी पिंकी रावत और चार वर्षीय बेटी शौर्या भी साथ में थी। उनकी बाइक यूए 06 जी 5229 तेलीपुरा रोड पर पहुंची। उस समय वहां से गुजर रही बारात के कारण यातायात रुका था। इसी बीच जाम खुलने पर उनकी बाइक को पीछे से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी तो बाइक पर बैठी शौर्या सड़क पर गिर गई। इस कारण सामने से आ रहे 10 टायरा ट्रक की चपेट में आकर बच्ची की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रक को तभी कब्जे में ले लिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शौर्या के पिता यशवंत ने ट्रक यूके 04 सीबी 0675 के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मोहल्ला खताड़ी निवासी ट्रक चालक मो. अकरम को गिरफ्तार किया। आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत उसका चालान हुआ। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।