रामनगर (नैनीताल)। सीओ के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कालूसिद्ध, बैलपड़ाव व चिल्किया क्षेत्रों में तेज गति और स्कूल के समय पर चलने वाले डंपरों पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ लोकजीत सिंह के अनुसार लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कालूसिद्ध, बैलपड़ाव व चिल्किया क्षेत्रों में आये दिन डंपर तीव्र गति से दौड़ते हैं। इस दौरान अत्यधिक धूल उड़ने से ग्रामीणों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। साथ ही बच्चों के स्कूल खुलने व छुट्टी के समय डंपरों के चलने से बड़ा हादसा हो सकता है। सीओ ने बृहस्पतिवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डंपर स्वामियों को स्कूल के खुलने के समय सुबह 9-10 बजे व शाम 2:30-3:30 बजे तक पूरी तरह से आवाजाही बंद रखने के निर्देश दिए। कहा कि डंपरों के चलने से उठने वाली धूल से निजात दिलाने के लिए वन निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया शीघ्र होने वाली है। इसके बाद जल्द ही पानी का छिड़काव किया जाएगा। इस दौरान एसएसआई कविंद्र शर्मा, एसआई चेतन रावत आदि मौजूद थे।