रामनगर (नैनीताल)। ग्राम चिल्किया स्थित चावल मिल में आग लग गई। अग्निशमन विभाग के एसएचओ किशोर उपाध्याय ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे चिल्किया स्थित अनिल कुमार अग्रवाल की जगदीश राइस मिल में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मिल का ताला तोड़ा। घंटेभर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसएचओ उपाध्याय ने बताया कि इस घटना में सात लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। शॉर्टसर्किट से आग लगने की आशंका है।