रामनगर (नैनीताल)। हफ्तेभर पहले हुई नवविवाहिता की मौत के मामले में ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नई बस्ती जसपुर, जिला ऊधमसिंह नगर निवासी नगमा परवीन (23) का विगत माह 18 सितंबर को उदयपुरी चोपड़ा पीरूमदारा निवासी नौशाद पुत्र अलाउद्दीन के साथ प्रेम प्रसंग के चलते निकाह हुआ था। पिछले बुधवार को नगमा की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पिता मो. इरफान ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद से ससुराली नगमा को दहेज के प्रताड़ित कर रहे थे। पिता ने बताया कि 12 अक्तूबर को सुबह आठ बजे अस्पताल से फोन आया कि आपकी बेटी मृत अवस्था में पड़ी है। अस्पताल पहुंचकर जब नगमा के ससुरालियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि नगमा की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई है। जबकि उनकी बेटी को ऐसी कोई बीमारी नहीं थी। नगमा की हालत देखकर ऐसा लगा कि उसे बुरी तरह से मारा, पीटा गया था, जिससे उसकी जान चली गई। मंगलवार को पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर नगमा के ससुरालियों पति नौशाद, उसके भाई भूरे, सोनू, फुरकान, मां जुबैदा के खिलाफ आईपीसी की धारा 304बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।