रामनगर (नैनीताल)। तुमड़िया जलाशय के दलदल में डूबने से युवक की मृत्यु हो गई। मालधनचौड़ नंबर दो निवासी जगदीश (29) पुत्र अंबीराम सोमवार को दोस्तों के साथ तुमड़िया डाम प्रथम में मछली मारने गया था। इस दौरान सभी नहाने लगे, लेकिन जगदीश ने जैसे ही छलांग लगाई तो वह दलदल में फंस गया। उसके साथियों ने शोर मचाया, लेकिन वह उसे बचा नहीं सके, जिससे जगदीश की डूबने से मौत हो गई। उसके साथियों ने तुरंत आसपास के लोगों, पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पूर्व लोगों ने ही जगदीश को निकाल लिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव का पंचनामा भर दिया है। एसआई विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि जगदीश का विवाह पिछले साल हुआ था। अब उसका तलाक हो चुका है। वह चार बहनों का अकेला भाई था। वह मजदूरी करता था।