नैनीताल। पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में जिले के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह लंबित आपराधिक मामलों का शीघ्र निस्तारण करें और महिलाओं से संबंधित अपराधों के मामलों पर शीघ्र मुकदमा पंजीकृत कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देशित करें। डीजीपी रतूड़ी ने कहा कि जिले में सम्मन व वारंटों की तामीली में सुधार लाने और और अवैध नशेे के कारोबारियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम से निपटने के लिए पुलिस के उप निरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि इसे रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों को लंबित न रखा जाए और लंबित बिलों का जल्द निस्तारण किया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने जिले में अपराध के आंकड़ों की समीक्षा की। बैठक में डीआईजी कुमाऊं अजय रौतेला, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एएसपी अमित श्रीवास्तव, हरीश चंद्र सती, सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल, राजीव मोहन, आरएस नबियाल, लोकजीत सिंह, विजय थापा, प्रतिसार निरीक्षक हरीश चंद्र भट्ट समेत जिले के सभी कोतवाली व थाना प्रभारी मौजूद थे।
- डीजीपी रतूड़ी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में जिले के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक ली
- साइबर क्राइम से निपटने को पुलिस के उप निरीक्षकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण