नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल के बाहर रविवार शाम को मरीज छोड़कर लौट रहे तेज रफ्तार ऑल्टो की चपेट में आकर मरे दो लोगों के मामले में मंगलवार को एक मृतक के पुत्र ने आल्टो चालक के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जाड़ापानी बेतालघाट कोश्याकुटौली निवासी इंद्र लाल का कहना है कि उसकी मां का यहां बीडी पांडे जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। 6 अगस्त को उसकी मां की देखरेख के लिए पहुंचे उसके पिता गोपाल राम (62) अस्पताल के गेट के समीप ही लगे अंडे की दुकान से अंडे खा रहे थे। इसी दौरान आल्टो कार संख्या यूके 01टीए 1180 जिसे लमगड़ा अल्मोड़ा निवासी प्रेम सिंह (42) चला रहा था ने अंडे बेचने वाले दुकान स्वामी रामू आर्या (52) निवासी राजपुरा और उसके पिता को कुचल दिया। इससे अंडे बेचने वाले और उसके पिता दोनों की मौत हो गई।
इंद्र लाल ने वाहन चालक प्रेम सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चालक प्रेम सिंह के खिलाफ 279,338,427 तथा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल विपिन चंद्र पंत ने बताया कि मामले की जांच एसआई भुवन चंद्र मासीवाल को सौंपी गई है।