रामनगर (नैनीताल)। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
ममता नेगी निवासी विपिन विहार कोटद्वार रोड ने बताया कि उसका विवाह 24 अप्रैल 2012 को भगतपुर तड़ियाल पीरुमदारा निवासी धमेन्द्र पुत्र पान सिंह के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ हुआ था। उसके परिजनों ने विवाह में अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था। लेकिन उसके ससुराली उसे दहेज के लिये परेशान कर उसे प्रताड़ित करते थे। वर्ष 2013 में दोनों पक्षों में समझौता भी हुआ था। इसके बाद वह अपनी ससुराल में रह रही थी लेकिन 14 सितंबर 2015 को फिर पति व ससुरालियों ने दहेज के लिए उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में ही रह रही है। महिला का आरोप है कि ससुराली उससे 50 हजार रुपये नकद, एक गाड़ी, सोने की चेन और अंगूठी लाने की मांग कर रहे हैं। मामले में कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोर्ट से आदेश के बाद पुलिस ने महिला के पति धर्मेंद्र, सास सरोजनी व एक अन्य रिश्तेदार विक्रम सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 498 ए व दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।