केलाखेड़ा। गांव भव्वानगला स्थित मंदिर पर लाउडस्पीकर लगाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में तकरार हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
बृहस्पतिवार को गांव भव्वानगला में शिव मंदिर पर एक पक्ष ने लाउडस्पीकर लगाने की तैयारी कर रहा था, तो इसी समाज के एक पक्ष ने विरोध कर दिया। इससे दोनों पक्षों के बीच तकरार हो गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। उसके बाद सहमति के आधार पर मंदिर पर लाउडस्पीकर लगा दिया गया।