कालाढूंगी (नैनीताल)। कोटाबाग के दूरस्थ भलौन क्षेत्र में एक युवक पर फुफेरी बहन के साथ दुराचार करने, शीतल पेय में जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगा है। तीन दिन पहले मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता का कहना है कि वह स्कूल की पढ़ाई के लिए अपने मूल घर छोड़ कर पिछले कई वर्षों से भलौन में अपनी बुआ के घर रह रही है। आरोप है कि युवती का फुफेरा भाई छह साल से उसका शारीरिक, मानसिक शोषण कर रहा था। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी ने 20 जुलाई को पहले युवती के साथ रेप किया और फिर शीतल पेय में जहर मिला कर उसे मारने का प्रयास किया। काशीपुर के अस्पताल में उसका इलाज किया गया। युवती की हालत में अब सुधार है। कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में 24 जुलाई को आईपीसी की धारा 376, 307 में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। रामनगर कोतवाली की दरोगा कुसुम पंत मामले की विवेचना कर रही हैं। पंत ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार को ही जांच मिली है, अभी पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। सबूत जुटाने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।