सितारगंज। बाराकोली वन रेंज में साल की तस्करी का मामला सामने आया है। वन टीम ने तीन बाइकों से बोरों में भरे साल की लकड़ी के गिल्टे बरामद कर किए है। इस दौरान तस्कर बाइकें छोड़कर खिसक लिए। वन विभाग ने फरार तीन तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बाइकें सीज कर दी हैं।
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे ढोलावन क्षेत्र में गश्त कर रही वन टीम ने शक्तिफार्म-सिरसा मोटर मार्ग पर जीरो बंदे के समीप तीन बाइकों को साल के गिलटे लाते देखा। इस पर वन दरोगा केबी देवतल्ला के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दी और बाइक (यूपी25एएन-4495), (यूके06वी-6295) एवं (यूए06डी-1932) पर साल प्रकाष्ठ के बोरे लादकर आ रहे तीन तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम को देख तस्कर बाइकें छोड़ फरार हो गए।
टीम ने प्रकाष्ठ के तीनों बोरों को जब्त कर लिया और फरार तस्करों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 2, 20, 26 (1) च, छ, 42 व 51 (1) के तहत मुकदमा दर्ज कर बाइकें सीज कर दीं। टीम में वनारक्षी उमेश सिंह, गणेश चंद्र जोशी, राजन सिंह आदि थे।