नैनीताल। बदमाशों ने शेरवानी मोटर मार्ग में बैंक अभिकर्ता को लूटने का प्रयास किया। बाल मोटर कंपाउंड शेरवानी लॉज निवासी बैंक अभिकर्ता दिनेश सिंह रावत 12 जुलाई को रात करीब 10:30 बजे घर जा रहे थे लेकिन अराजक तत्वों ने उनके साथ मारपीट कर व्यवसायियों से वसूली गई किश्त की रकम लूटने का प्रयास किया, लेकिन दिनेश के शोर मचाने, पड़ोसियों के आने पर बदमाश भाग गए। बताया कि बदमाशों ने रस्सीनुमा वस्तु से उनका गला दबाने की भी कोशिश की। दिनेश ने शुक्रवार को मामले की शिकायत मल्लीताल कोतवाली में की। कोतवाल विपिन चंद्र पंत ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। शेरवानी क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ाई गई है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने भी पुलिस से अराजक तत्वों को जल्द पकड़ने की मांग की है।