रामनगर (नैनीताल)। पीरूमदारा क्षेत्र में आमपोखरा रेंज के जंगल में अज्ञात पुरुष का कंकाल पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। आमपोखरा रेंज के वन दरोगा जगदीश पांडेय अपनी टीम के साथ मंगलवार को अपनी बीट के जंगल प्लॉट 24 में रेलवे गेट नंबर 64 के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पेड़ पर लटका कंकाल देखा लेकिन किसी ने भी मृतक की शिनाख्त नहीं की। सूचना के आधार पर पीरूमदारा पुलिस चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा फोर्स लेकर मौके पहुंचे। उन्होंने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। वहां शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक कंकाल को सुरक्षित रखा जाएगा। मृतक पुरुष की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी गई है। कंकाल करीब 25 दिन पुराना बताया गया है। सफेद रंग की कमीज और नीली बैगनी रंग की साड़ी के आधार पर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। घटनास्थल से रामनगर की दूरी 15 किमी और काशीपुर की दूरी करीब 12 किमी है।
आमपोखरा के जंगल में लटका मिला पुरुष का कंकाल