हल्द्वानी। ढाबा संचालक पर फायरिंग और पत्रकार पर जानलेवा हमला करने के आरोपी दोनों हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 12 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। दोनों को काठगोदाम पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। 21 मार्च को काठगोदाम थाना क्षेत्र के शीशमहल में ढाबा संचालक मनीष तिवारी पर भारत भूषण उर्फ भानु और वीरेंद्र बोरा ने तमंचे से फायर झोंक दिया था। तिवारी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके कुछ देर बाद हाइडिल गेट तिराहे पर दोनों ने पत्रकार मोहन भट्ट पर तमंचा तान दिया था। दोनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। बाद में दोनों पर एसएसपी ने एक-एक हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया। मंगलवार को काठगोदाम पुलिस ने दोनों को पंतनगर थाना क्षेत्र के दिनेशपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। टीम में एसओ कमाल हसन, एसआई जगवीर सिंह शामिल थे।
ढाबा संचालक पर फायर झोंकने वाले हिस्ट्रीशीटर दबोचे
पत्रकार पर भी तान दिया था तमंचा, ऊधमसिंह नगर से पुलिस ने पकड़ा