हल्द्वानी। रामपुर रोड से दो माह पहले अपहृत किशोरी को टीपीनगर चौकी पुलिस ने बिहार के बेतिया जिले से बरामद किया जबकि उसके अपहरण का आरोपी पुलिस को नहीं मिला है। कोतवाली क्षेत्र की निवासी किशोरी आठ जनवरी 19 को लापता हो गई। किशोरी की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इस आधार पर बिहार के बेतिया जिले के अहरशिशवा निवासी अमित महतो के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ। मां का आरोप था कि उसकी बेटी घर से रुपये भी चुराकर ले गई थी। किशोरी का तीन साल का एक बेटा नानी के पास है। उस बच्चे का पिता दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने किशोरी की बरामदगी के लिए उपनिरीक्षक संजय बोरा के नेतृत्व में टीम बिहार भेजी। पुलिस ने चार मार्च को आरोपी अमित महतो के घर से किशोरी को बरामद किया। पुलिस बुधवार को किशोरी को लेकर हल्द्वानी पहुंची। चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि युवती का कलमबंद बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) को सौंपा गया है। सीडब्लूसी किशोरी की काउंसलिंग कर रही है।
दो माह से अपहृत किशोरी बिहार से बरामद