नैनीताल। चोरों ने एक रात में एक ही भवन का शीशा तोड़कर बजाज फाइनेंस, सीए, अधिवक्ता ऑफिस में धावा बोला। चोर वहां से हजारों की नकदी, चेकबुक, दस्तावेज ले गए।
चोरों ने रविवार रात हाइकोर्ट रोड स्थित स्काइलार्क भवन पर धाबा बोला। चोर बजाज फाइनेंस के ऑफिस का शीशा तोड़कर अंदर घुसे और चाबियां निकाल कर लॉकर से 40 हजार रुपये ले गए। चोरों ने इसी भवन में स्थित सीए पवन कुमार नाथ के ऑफिस का शीशा तोड़कर वहां रखी चाबियों से सेफ खोली ली। वहां से चोर 20 हजार रुपये, यूनियन बैंक, विजया बैंक, आईसीआईसीआई बैंक की चेकबुक, कुछ जरूरी दस्तावेज ले गए। इसके बाद चोरों ने इसी बिल्डिंग में स्थित हाईकोर्ट के अधिवक्ता परीक्षित साहनी के चैंबर का ताला काटने का प्रयास किया। सोमवार सुबह ऑफिस खुलने पर कर्मचारी पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना पर सीओ सिटी विजय थापा, इंस्पेक्टर मल्लीताल ध्यान सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों ने मौका मुआयना किया। इंस्पेक्टर ध्यान सिंह ने बताया कि चोरियां नई चुनौती हैं। वह घटनाओं के खुलासे का प्रयास कर रहे हैं।
हजारों की नकदी, चेकबुक, दस्तावेज उड़ाए
एक रात में एक ही भवन में हुईं तीन वारदातें
शीशा तोड़कर बजाज फाइनेंस, सीए, अधिवक्ता ऑफिस में पहुंचे चोर
-गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा किया क्षतिग्रस्त
सीए ऑफिस के कर्मचारियों का कहना है कि स्काइलार्क बिल्डिंग के गेट पर ही सीसीटीवी कैमरा लगा है। यह कैमरा सुचारु है, लेकिन सोमवार सुबह यह कैमरा क्षतिग्रस्त पाया गया। बजाज फाइनेंस के ऑफिस में लगे लाइटविजन कैमरों से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन सोमवार को फुटेज नहीं मिल सकी। अब बजाज के हेड ऑफिस से फुटेज निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
-ढाई बजे चौकीदार ने एक संदिग्ध को देखा
स्काइलार्क भवन के पास रविवार रात करीब ढाई बजे चौकीदार ने एक संदिग्ध को देखा। चौकीदार को उस पर शक नहीं हुआ। इसलिए उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। रात करीब 12 बजे इंस्पेक्टर मल्लीताल ध्यान सिंह ने भी एक संदिग्ध व्यक्ति को फोन पर बात करते घटनास्थल के आसपास देखा। यह दोनों शक के घेरे में आ गए हैं। पुलिस दोनों घटनाओं को संदिग्ध मान कर जांच कर रही है।
चोरों को संरक्षण दे रहीं खराब स्ट्रीट लाइटें
नैनीताल। भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने नगर में खराब स्ट्रीट लाइटों को चोरों के लिए मददगार बताया। कहा कि स्टाफ हाउस, स्नोव्यू वार्ड, धूपकोठी, सैनिक स्कूल वार्ड, जुबली हॉल कंपाउंड, हंस निवास, पिठिया आदि क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से खराब स्ट्रीट लाइटें सुधारने की मांग की है।