बेतालघाट (नैनीताल)। ग्राम सौनगांव के मलियाल गांव के नाले में एक युवक का शव मंगलवार दोपहर को स्थानीय लोगों को दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकालकर शिनाख्त करवाई। मृतक की पहचान जीवन सिंह (37) पुत्र स्व. सोलन सिंह निवासी सौनगांव मनियाल के रूप में हुई है। युवक मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। जीवन सिंह पत्नी, चार बच्चों और मां के साथ रहता था। पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक जीवन सिंह शराब का आदी था। पुलिस के मुताबिक जीवन सिंह सोमवार शाम शराब पीकर घर लौट रहा होगा। अचानक पांव फिसलने से युवक नाले में जा गिरा, जहां रात में उसने दम तोड़ दिया होगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। इस दौरान थानाध्यक्ष रोहिताश सिंह, एसआई राखी रावत, कांस्टेबल गोविंद, रमेश, प्रधान हरीश राम मौजूद रहे।