हल्द्वानी। राजेंद्र नगर राजपुरा स्थित घर में शुक्रवार की रात डिग्री कालेज की छात्रा ने फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि बहन के डांटने पर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। उसकी हालत गंभीर है।
अल्मोड़ा जिले के मच्छवाली रानीखेत निवासी लालाराम आर्या की पुत्री प्रियंका आर्या (21) अपने जीजा विनोद कुमार आर्या के घर राजेंद्रनगर राजपुरा में रहकर पढ़ाई करती है। शुक्रवार की रात वह कमरे में फंदा लगाकर पंखे से फांसी लगा ली। परिजनों ने देखने के बाद उसे फंदे से नीचे उतारकर भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉ. हरभजन सिंह ने बताया कि इलाज से छात्रा की हालत में मामूली सुधार हुआ है। उसे सीसीयू में रखा गया है लेकिन उसकी हालत अभी खतरे से बाहर नहीं है। इधर भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि प्रियंका डिग्री कालेज में स्नातक की छात्रा है। परिवार की कुछ बातों को लेकर उसकी बड़ी बहन ने डांट दिया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाई है।