भीमताल (नैनीताल)। शुक्रवार को हुए बाइक हादसे में राजकीय पालीटेक्निक के शिक्षक की मौत के मामले में शनिवार को मृतक के भाई ने थाने में नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को डांठ में पार्किंग स्थल के समीप हुए बाइक हादसे में मूल रूप से ऊधमसिंह नगर के गदरपुर निवासी और यहां पॉलीटेक्निक में कार्यरत शिक्षक राजेंद्र सिंह नैनवाल (42) की मौत हो गई थी। रविवार को रानीबाग में शिक्षक नैनवाल की अंत्येष्टि के बाद उनके भाई सुरेंद्र सिंह नैनवाल ने थाने में पहुंचकर नामजद तहरीर दी। तहरीर में कहा गया था कि शुक्रवार को ड्यूटी जाते वक्त एक बाइक सवार ने उनके भाई की बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे राजेंद्र सिंह नैनवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष एसके गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने तल्लीताल क्षेत्र निवासी जयंत साह को गिरफ्तार कर लिया है। जयंत के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 427 व 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इधर शिक्षक नैनवाल के निधन पर राजकीय शिक्षक संघ के डॉ. कन्नू जोशी, हेम त्रिपाठी, डॉ. सुरेश भट्ट, डॉ. संजीव अहलावत, डॉ. विवेक पांडेय, दीवान सिंह रावत, रश्मि त्रिपाठी, इला कैड़ा, डॉ. बालम रैक्वाल, योगेश जोशी, जगदीश बिष्ट, मीनाक्षी कीर्ति आदि ने दुख व्यक्त किया है।
हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस ने बाइकरों को फटकारा
अमर उजाला में शनिवार को तेज रफ्तार बाइकर के आगे नियम कानून फेल शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। शनिवार को सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों ने सुबह के समय डांठ और इसके आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार बाइक दौड़ा रहे और यातायात के नियमों का उल्लंघन कर रहे बाइकरों को जमकर फटकारा। बताते चलें कि यहां भीमताल-नौकुचियाताल रोड, डांठ-मल्लीताल रोड और तल्लीताल-डांठ रोड पर सुबह से शाम तक कई युवक न केवल तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं बल्कि स्टंट भी दिखाते हैं।