लालकुआं (नैनीताल)। सुभाष नगर चेक पोस्ट के पास बुधवार दोपहर बरेली जा रहे बाइक सवार दंपति को डंपर ने रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक भाग गया। परिजनों का आरोप है कि चालक गलत साइड से डंपर चला रहा था।
बरेली के चौफला लाल फाटक के मूल निवासी मोहित सिंह(26) पुत्र विजय सिंह हल्द्वानी के सीएमटी कॉलोनी देवलचौड़ स्थित किराए के मकान में रहता था और रोडवेज के पास एक मोबाइल की दुकान पर काम करता था। बुधवार को वह अपनी पत्नी अंजलि के साथ बाइक (यूके 04 टी1687) से बरेली स्थित अपनी बहन रजनी से मिलने जा रहा था।
दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर सुभाष नगर चेक पोस्ट के पास एक कार से साइड लगने के कारण बाइक अनियंत्रित हुई तो दोनों छिटक कर गिर पड़े। इस दौरान मोहित को शांतिपुरी से रेता लेकर आ रहे डंपर (यूके 04 सीबी 2279) ने रौंद दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई और पत्नी घायल हो गई। पति की मौत की पुष्टि होने पर अंजलि बेसुध हो गई। मोहित की तीन साल पहले ही अंजलि के साथ शादी हुई थी।
माता-पिता और भाई एसटीएच में तैनात
मोहित दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई राजू सिंह एसटीएच में काम करते है। मां सुनीता भी एसटीएच में कार्यरत हैं। पिता विजय सिंह एसटीएच में हाउस किपिंग स्टॉप का काम करते हैं। विजय सिंह दो दशक से हल्द्वानी में रहे हैं।
पति को तड़पड़ते देखती रह गई बेबस पत्नी
हल्द्वानी। पति को डंपर से कुचलते और तड़पते देख पत्नी अंजलि चिल्लाई। मदद की गुहार की मगर उसकी बेबसी के आगे सब व्यर्थ था। वह खुद घायल सड़क पर पड़ी थी। बदहवास थी। आंखों के सामने अचानक अंधेरा छा गया था। उसे भरोसा था कि अस्पताल ले जाने पर पति से बात कर सकेगी मगर कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।
मोहित के साथ अंजलि ने घर गृहस्थी बसाने के लिए ढेरों सपने देखे थे लेकिन एक भयानक हादसे ने सपनों को चकनाचूर कर दिया। जीवन की सारी खुशियों को डंपर ने कुचल दिया। घटनास्थल पर सिर्फ रोने के अलावा अंजलि के पास कोई चारा नहीं था। शव घर आने पर पड़ोसी जमा हो गए। मां सुनीता और मौसी का रोते रोते बुरा हाल था।
परिवार के करुण क्रंदन से पड़ोस के लोग भी गमगीन हो गए थे। जवान बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में आ गया था। भाई राजू का कहना था कि अभी परिवार के अन्य सदस्य बाहर से आने वाले हैं। इसी कारण शव का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को होगा।