हल्द्वानी। किडनी कांड की जांच के लिए पुलिस की एक टीम अब मेदांता अस्पताल जाएगी। पीड़ित ने अपने प्रार्थनापत्र में मेदांता अस्पताल के इलाज का जिक्र किया है। इसके बाद अदालत में पुलिस रिपोर्ट पेश करेगी। बरेली निवासी नरेश गंगवार ने एसएसपी जन्मेजय खंडूरी को अक्तूबर में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने उसकी किडनी श्रीलंका में धोखे से निकलवा ली। किडनी गिरधारी की पहली पत्नी को लगाई गई। एसएसपी ने इस मामले की जांच कोतवाल केआर पांडे को करने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करने पर नरेश ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने इस मामले में पुलिस से 28 नवंबर तक रिपोर्ट मांगी। पुलिस ने अदालत से रिपोर्ट देने के लिए समय मांगा। कोतवाल केआर पांडे ने बताया कि वादी और गिरधारीलाल साहू का बयान दर्ज किया गया है। अब पुलिस टीम साक्ष्यों को सत्यापित करने के लिए मेदांता अस्पताल जाएगी। श्रीलंका स्थित अस्पताल से भी पुलिस को रिपोर्ट लेना होगा। प्रार्थनापत्र में वर्णित तथ्यों को सत्यापित करने के बाद वह रिपोर्ट एसएसपी को देंगे। सत्यापन में अभी समय लगेगा। एसएसपी कार्यालय से रिपोर्ट अदालत को भेजी जाएगी।