हल्द्वानी। रामबाग कालोनी में रहने वाले निजी कंपनी के रिटायर प्रबंधक से नौकरानी दिलाने के नाम पर प्लेसमेंट एजेंसी ने 40 हजार रुपये ठग लिए। एजेंसी की ओर से भेजी गई नौकरानी एक दिन में घर से मोबाइल चोरी कर फरार हो गई। पीड़ित व्यक्ति की पुत्री ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी है। लेकिन एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
टीपीनगर चौकी क्षेत्र के मानपुर उत्तर रामबाग कालोनी निवासी चंद्रमोहन अरोरा हल्दूचौड़ स्थित एक फैक्ट्री में प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने शकूरपुर दिल्ली की एक मेड सर्विस एजेंसी से नौकरानी के लिए संपर्क किया। बीते 14 दिसंबर को एजेंसी के साथ चंद्रमोहन अरोरा ने पांच हजार रुपये महीने के वेतन पर एक नौकरानी का अनुबंध किया। 15 दिसंबर को एक महिला कर्मचारी के साथ एक झारखंड निवासी नौकरानी उनके घर भेजा गया। चंद्रमोहन अरोरा ने अनुबंध के अनुसार महिला कर्मचारी को 40 हजार रुपये का अग्रिम भुगतान कर दिया। एजेंसी की कर्मचारी ने इसकी रसीद भी दी। इसके बाद 15 दिसंबर को दिन में नौकरानी ने काम किया। आरोप है कि दोपहर बाद उसने घर से एक मोबाइल चोरी किया और किसी को बिना बताए निकल गई। चंद्रमोहन अरोरा ने एजेंसी के नंबरों पर संपर्क कर घटना की जानकारी दी। यहां से दूसरी नौकरानी भेजने का आश्वासन दिया गया। लेकिन इसके दो दिन बाद एजेंसी ने अपने दोनों नंबर बंद कर लिए। हालांकि एजेंसी की कर्मचारी और नौकरानी की सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। चंद्रमोहन अरोरा की पुत्री डॉ. प्रियंका अरोरा ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। लेकिन तहरीर मिलने के एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
40 हजार रुपये में नौकरानी दिलाई, वो भी मोबाइल चुराकर फरार
दिल्ली की एक एजेंसी ने झारखंड की महिला को भेजा था