हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने गैस गोदाम रोड स्थित कांप्लैक्स के स्टोर में छापा मारकर 205 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ से पता चला कि उसने आगामी चुनाव में बेचने के लिए मार्च में सस्ती शराब खरीदकर रखी ली थी। इसके पहले कोतवाली पुलिस ने सवा चार लाख की शराब बरामद की थी।
मुखानी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को गैस गोदाम रोड स्थित प्रेम प्रकाश के कांप्लेक्स में छापा मार दिया। पुलिस ने स्टोर में छिपाकर रखी गई 205 पेटी गुलाब मार्का देशी शराब बरामद की। छानबीन से पता चला कि बरामद शराब मल्ली बमौरी निवासी राजेश कुमार आर्या ने खरीदकर रखी है। पुलिस ने राजेश को पकड़कर पूछा तो उसने कागजात दिखाने में असमर्थता जताई। पुलिस ने उसे आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कहना था कि उसने मार्च में कम कीमत पर शराब चुनाव में बेचने के लिए खरीदी थी। उसने स्टोर को 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर लिया था। बरामद शराब की कीमत छह लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक संजय जोशी, विरेंद्र चंद, वीरेंद्र रावत, धर्मेंद्र कुमार, गिरीश प्रसाद और गगनदीप शामिल हैं।