हल्द्वानी। चार दिन से लापता युवक का पता नहीं लगने पर लोगों ने एसपी सिटी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उनकी थानाध्यक्ष से लोगों की नोकझोंक हुई।
लाइन नंबर पांच आजादनगर निवासी असलम का 20 साल का बेटा फरमान 13 मार्च की सुबह नौ बजे घर से लाइन नंबर 17 स्थित ठेकेदार मोइन के यहां काम करने के लिए निकला था। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसे कॉल करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। फरमान के भाई अब्दुल कादिर ने घटना की गुमशुदगी बनभूलपुरा थाने में दर्ज कराई। परिजनों ने क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर शनिवार को एसपी सिटी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक ठेकेदार के साथ काम करने काठगोदाम गया था। उसने ठेकेदार से पैसे भी मांगे थे। जांच के दौरान युवक की लोकेशन 13 मार्च को रुद्रपुर में मिली थी। परिजनों ने इस मामले में सीओ दिनेश चंद्र ढौंडियाल से संपर्क कर युवक का पता लगाने का अनुरोध किया। सीओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस टीम को लगाया गया है। पुलिस जल्द ही युवक का पता लगाएगी। प्रदर्शन में पार्षद गुफरान सहित अन्य लोग मौजूद थे।