छह संदिग्ध आए पुलिस के रडार में
मोबाइल शोरूम में लाखों की चोरी का मामला
होटलों और धर्मशालाओं की चेकिंग में पता चला
सिरसा हरियाणा से मंगाया गया वीडियो फुटेज
हल्द्वानी। मोबाइल शोरूम में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुुलिस ने होटलों और धर्मशालाओं की चेकिंग के दौरान छह संदिग्धों को रडार में लिया है। पता चला है कि ये संदिग्ध घटना की रात होटलों में ठहरे थे। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुुलिस सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल रही है।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि ठंडी सड़क पर मोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस की एक टीम हरियाणा के सिरसा में गई थी। सिरसा पुलिस ने वीडियो फुटेज हासिल किया है। फुटेज में चोरों का गिरोह पर्दा लगाकर शोरूम का ताला तोड़ रहा है। अभी ठंडी सड़क पर मोबाइल शोरूम में हुई चोरी के मामले में कोई फुटेज हाथ नहीं लगी है। पुलिस का मानना है कि सिरसा की तरह यहां भी घटना को अंजाम दिया गया है। ठंडी सड़क पर रात में भी लोगों का आवागमन रहता है। लोगों के डर से यहां भी पर्दा लगाया गया होगा।
सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने बताया कि रात भर होटलों और धर्मशालाओं की जांच की गई है। पुलिस की जांच में छह लोग संदिग्ध पाए गए हैं जो 30 जनवरी की रात होटलों में ठहरे थे। पुलिस संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है। एसओजी की टीम भी संदिग्धों के रिकार्ड को खंगाल रही है।