हल्द्वानी/बागेश्वर। दो दिनों से लापता केमू बस चालक का शव भोटिया पड़ाव नहर में बृहस्पतिवार सुबह मिला। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस को आशंका है कि अधिक शराब पीने के कारण चालक नहर में गिर गया होगा। चालक के सिर और आंख के समीप चोट लगी है।
हाइडिल कॉलोनी निवासी बस मालिक हीरा सिंह दानू ने बताया कि कर्मी कपकोट निवासी हीरा सिंह (48) पुत्र उदय सिंह के मू की बस (यूके 04पीए0705) चलाता था। दो दिन पहले वह अचानक गायब हो गया। काफी ढूंढने के बाद उन्होंने काठगोदाम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ ढूंढना शुरू किया।
भोटिया पड़ाव चौकी के समीप लोगों ने बताया कि नहर में एक व्यक्ति पड़ा है। पुलिस ने सिंचाई विभाग से कहकर नहर का पानी बंद कराया। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी नंदन सिंह रावत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। बस चालक के सिर और आंख के समीप चोट लगी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर काठगोदाम पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि चालक दो साल से हीरा सिंह दानू की बस चला रहा था। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। चालक शराब पीने का आदी था। काठगोदाम थानाध्यक्ष संजय जोशी ने आशंका जताई है कि शराब पीने के कारण वह नहर में गिरा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।