नैनीताल। हाइकोर्ट में बयान दर्ज करने से पहले ही हुई महिला की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस को महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। नगर के मल्लीताल क्षेत्र में एक होटल में रह रही रुड़की निवासी नूरजहां (45) पत्नी स्व. मोहम्मद इनाम का शुक्रवार की सुबह शव होटल के कमरे से बरामद हुआ था। नूरजहां यहां हाईकोर्ट में चल रहे पति के मौत संबंधी मामले में बयान दर्ज कराने पहुंची थी। उसके परिजन शव को बगैर किसी कार्रवाई के यहां से ले जाने की फिराक में थे लेकिन किसी तरह एक एंबुलेंस चालक ने शव को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जिससे घटना का पता लग सका। मल्लीताल कोतवाली की उपनिरीक्षक भावना बिष्ट ने बताया कि नूरजहां का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।