रामनगर। कार्बेट पार्क की आरक्षण व्यवस्था चरमरा गई है। इससे होटल एसोसिएशन ने शुक्रवार को पार्क वार्डन शिवराज चंद का घेराव कर बुकिंग व्यवस्था में सुधार की मांग की। कहा 48 घंटे में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सीटीआर कार्यालय पहुंचे होटल एसोसिएशन ने पार्क वार्डन से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कई दिन से कार्बेट पार्क की वेबसाइट नहीं खुल रही। यदि खुलती है तो बुकिंग करने पर फीस का भुगतान तो हो जाता है, लेकिन बुकिंग नहीं मिल पा रही है। वार्डन से जल्द से जल्द बुकिंग व्यवस्था सुधारने की मांग की। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिसिंह मान समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।