रामनगर कार्यक्रम में मौजूद गायक जुबिन नौटियाल
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में तीन दिवसीय कॉर्बेट लिटरेचर फेस्टिवल का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल ने कॉर्बेट की प्राकृतिक और वन्यजीव विरासत की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड का ताज बताया। उन्होंने कॉर्बेट की जैव विविधता पर आधारित लघु फिल्म की भी सराहना की।
रामनगर में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय लिटरेचर फेस्टिवल का बृहस्पतिवार को ढेला स्थित एक रिसॉर्ट में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महोत्सव में देशभर से पहुंचे 30 से अधिक लेखक, वैज्ञानिक, पर्यावरणविद, वन्यजीव विशेषज्ञ और छायाकारों ने 20 से अधिक सत्रों में प्रकृति, वन्यजीव संरक्षण, जिम्मेदार पर्यटन, हिमालयी पारिस्थितिकी और स्थानीय संस्कृति पर विचार साझा किए। सीटीआर निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्थानीय समुदायों के आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता बताते हुए सांवल्दे और ढेला में नेचर शॉप स्थापित करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपनिदेशक राहुल मिश्रा, दिनेश मंगला,आईएफएस एसके अवस्थी, समीर सिन्हा, तेजस्विनी पाटिल, इतिहासविद डॉ. शेखर पाठक, डॉ. प्रेरणा बिंद्रा, अंतरराष्ट्ररीय और खानपान मामलों के विशेषज्ञ पुष्पेश पंत, पुनीत तोमर, डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया आदि मौजूद रहे।
इधर, प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल ने सुबह फाटो जोन में भी भ्रमण किया। उन्होंने फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताया है।