हल्द्वानी। बुधवार को हल्द्वानी के होटल में अल्मोड़ा जल संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी का शव मिलने पर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम किया गया। इसी दौरान मोर्चरी में दो पक्षों में कहासुनी हो गई। एक पक्ष के युवक ने खुद को मृतक की संतान बताया जबकि दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इस पर पुलिस ने विसरा और डीएनए सैंपल सुरक्षित कर शव चचेरे भाइयों के सुपुर्द कर दिया।
बता दें कि अल्मोड़ा जल संस्थान कार्यालय में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत राधाकृष्ण जोशी का शव हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डे के पास एक होटल के कमरे में मिला था। शव के पास से जहर की दो शीशियां और शराब की आधी भरी बोतल बरामद हुई थीं। साथ ही मंगलवार शाम खुद राधाकृष्ण ने अपने दामाद के व्हाट्सएप पर जहर की शीशी और शराब की बोतल की फोटो भी भेजी थी।
बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम हुआ। मोर्चरी में दो पक्षों में कहासुनी हो गई। एक पक्ष का कहना था कि मृतक राधाकृष्ण उनके पिता थे जबकि दूसरे पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई।
सूत्रों के मुताबिक राधाकृष्ण की दो शादी की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि एक पत्नी उनसे अलग रहती हैं और दूसरी की मृत्यु हो चुकी है। भविष्य में विवाद की आशंका पर पुलिस ने शव का विसरा और डीएनए सैंपल सुरक्षित कर लिया है।